झांसी, 21 अप्रैल।
झांसी जनपद के रक्सा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजापुर गांव में देर रात 40 वर्षीय एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी।
मृतक की पहचान चंदन पुत्र बालकृष्ण के रूप में हुई है। वह मजदूरी के साथ-साथ सिलाई का कार्य भी करता था। परिजनों के अनुसार वह शराब का आदी था, जिस कारण घर में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
पारिवारिक कलह के चलते उसकी पत्नी जानकी (35) अपने तीन बच्चों चाहत (12), महक (10) और अंशु (8) के साथ करेरा स्थित अपने मायके में रह रही थी। सोमवार की रात वह काम से लौटकर घर आया और अपनी माता सुदामा से भोजन की मांग की।
जानकारी के अनुसार जब माता भोजन लेकर उसके कमरे में पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद था। संदेह होने पर छोटे भाई अजय ने झांककर देखा तो चंदन कुंडे के सहारे फंदे से लटका हुआ पाया गया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना प्राप्त होने पर पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।










