गुवाहाटी, 21 अप्रैल।
गुवाहाटी के बशिष्ठ नदी से एक युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि शव नाले या मैनहोल के जरिए बहकर नदी तक पहुंचा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक की पहचान हाथीगांव के नटबोमा क्षेत्र निवासी आख्तर अली के रूप में हुई है। वह रविवार से लापता था, जिसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी में यह संभावना जताई जा रही है कि हाल में हुए जलभराव के दौरान वह मैनहोल में गिर गया होगा और बहाव के साथ शव बशिष्ठ नदी तक पहुंच गया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
परिजनों ने बताया कि आख्तर अली विशेष रूप से सक्षम था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है।









