फतेहपुर, 25 अप्रैल।
जनपद फतेहपुर के गाजीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बबूल के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, कस्बे के मोहल्ला भिटार निवासी 18 वर्षीय राहुल का शव जंगल क्षेत्र में बबूल के पेड़ से लटका हुआ पाया गया। परिजनों के अनुसार, राहुल कस्बे में बाल कटिंग का कार्य करता था और शुक्रवार सुबह रोज की तरह घर से दुकान गया था, लेकिन रात लगभग दस बजे तक वापस नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान शनिवार सुबह घर से लगभग पांच सौ मीटर दूर जंगल में उसका शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच प्रारंभ कर दी।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।









