देवरिया, 25 अप्रैल।
जनपद देवरिया में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन आज से प्रारंभ हो गया है, जो 25, 26 और 27 अप्रैल को जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न की जा रही है, जिसमें कुल 25,344 अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को पूर्ण रूप से नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में कराने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है, साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के तहत 409 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
परीक्षा का संचालन तीनों दिन दो पालियों में किया जा रहा है, जिसमें पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। प्रत्येक पाली की अवधि 120 मिनट रखी गई है और प्रत्येक पाली में 4,224 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं।
प्रशासन द्वारा परीक्षा संचालन के लिए 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 10 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 10 केंद्र व्यवस्थापक, 10 सह केंद्र व्यवस्थापक तथा 10 बाह्य परीक्षा सहायकों की नियुक्ति की गई है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु 50 प्रतिशत बाह्य कक्ष निरीक्षकों की भी तैनाती की गई है, वहीं परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है, जिन्हें पूर्व में प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
जिले में परीक्षा के लिए प्रमुख केंद्रों में अशोक इंटर कॉलेज डुमरी (रामपुर कारखाना), बाबा राघवदास इंटर कॉलेज, दीनानाथ पांडे राजकीय महिला पीजी कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलिटेक्निक, जनता इंटर कॉलेज, महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, लाल करमचंद थापर इंटर कॉलेज, महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज और एसएसबी इंटर कॉलेज शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा को पूरी निष्पक्षता और सख्ती के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की कोई संभावना न रहे।









