मध्य प्रदेश
25 Apr, 2026

जबलपुर में राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 का आगाज़, 14 केंद्रों पर कड़े इंतज़ाम

जबलपुर में राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 के लिए 14 केंद्रों पर त्रिस्तरीय जांच और सख्त सुरक्षा नियमों के साथ परीक्षा आयोजन की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

जबलपुर 25 अप्रैल

जबलपुर शहर में राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा 26 अप्रैल को आयोजित होने वाली राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 का आयोजन 14 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। प्रशासन ने परीक्षा को पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

संभागायुक्त कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस बार परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है तथा सभी केंद्रों पर त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया को अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा। यह परीक्षा रविवार को दो सत्रों में आयोजित होगी, जिसमें पहला सत्र प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक तथा दूसरा सत्र दोपहर 02:15 बजे से 04:15 बजे तक निर्धारित है।

परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इस बार त्रिस्तरीय नवीन जांच व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें बायोमेट्रिक पहचान, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग तथा हाथ में पकड़े जाने वाले मेटल डिटेक्टर के माध्यम से दोनों सत्रों में जांच की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पूर्व केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थी केवल आवश्यक बॉलपेन, पारदर्शी पानी की बोतल, ई-प्रवेश पत्र और पहचान पत्र ही अपने साथ ले जा सकेंगे। जांच के दौरान महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला अधिकारी अलग कक्ष में करेंगी, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष कर्मचारी द्वारा की जाएगी। वहीं ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को यह विकल्प दिया गया है कि वे अपनी जांच किसी भी पुरुष या महिला अधिकारी से करा सकते हैं। सभी केंद्रों के प्रवेश द्वार पर प्रतिबंधित और अनुमत वस्तुओं की सूची चस्पा की जाएगी।

निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों द्वारा कपड़ों, कफलिंक, धूप के चश्मे, इलेक्ट्रॉनिक या संवेदक युक्त चश्मे, जूते-मोजे, हाथ के बैंड आदि में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा कक्ष में जूते-मोजे पहनकर प्रवेश वर्जित होगा तथा केवल चप्पल या सैंडल पहनकर ही प्रवेश दिया जाएगा। चेहरे की पहचान आधारित जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

इसके अलावा पेंसिल, रबर, व्हाइटनर, घड़ी, किसी भी प्रकार के बैग, अध्ययन सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, डिजिटल या स्मार्ट घड़ी तथा अन्य संचार उपकरण पूरी तरह वर्जित रहेंगे। साथ ही चाबी, लाइटर, माचिस, किसी भी प्रकार के हथियार, ब्लेड, शार्पनर तथा अन्य कीमती वस्तुएं भी प्रतिबंधित हैं। जूते-मोजे पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

वहीं हिजाब, पगड़ी, पल्ला, धार्मिक धागे, ताबीज और महिलाओं के आभूषणों की भी सूक्ष्म जांच की जाएगी, हालांकि उन्हें हटाने की आवश्यकता नहीं होगी। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी पूर्ण गरिमा के साथ केवल महिला अधिकारी द्वारा की जाएगी तथा उनके दुपट्टे या चुन्नी जांच के बाद तुरंत लौटा दिए जाएंगे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़