झांसी, 21 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बबीना थाना क्षेत्र स्थित सैन्य परिसर में सोमवार शाम ड्यूटी पर तैनात एक सेना के जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर जान दे दी। इस घटना से सैन्य क्षेत्र और आसपास के इलाके में शोक का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के ग्वालियर की पीएचए कॉलोनी निवासी 49 वर्षीय कोमल सिंह डिफेंस सिक्योरिटी कोर में तैनात थे और वर्तमान में बबीना शाखा में ड्यूटी कर रहे थे। सोमवार को वह अपनी निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात थे, तभी अचानक उन्होंने अपनी राइफल गर्दन से सटाकर ट्रिगर दबा दिया। गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद अन्य जवान मौके पर पहुंचे, जहां कोमल सिंह को जमीन पर खून से लथपथ पाया गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। बबीना थानाध्यक्ष विनय साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिवार में पत्नी, पुत्र और पुत्री शामिल हैं।









