टीकमगढ़, 21 अप्रैल
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में 11 लोग घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
बताया जा रहा है कि यह हादसा बड़ागांव रोड पर जिला मुख्यालय से लगभग 5 किलोमीटर दूर हनुमान मंदिर के समीप क्रॉसिंग के दौरान हुआ। संबंधित बस इंदौर से टीकमगढ़ की ओर आ रही थी। जैसे ही दुर्घटना की खबर मिली, कोतवाली थाना प्रभारी रवि भूषण पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ यात्रियों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य को हल्की चोटें लगी हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया। कलेक्टर विवेक श्रोतिय अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और अधिकारियों से पूरी स्थिति की जानकारी प्राप्त की। प्रशासन की ओर से सभी घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं।
तहसीलदार सत्येंद्र सिंह गुर्जर के अनुसार महाकाल कंपनी की यह बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और गौगाबेर हनुमान मंदिर के पास पलट गई। इस दुर्घटना में कुल 11 लोग घायल हुए हैं, जबकि अन्य यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
वहीं एसडीओ राहुल कटरे ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे हादसे की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा चालक से पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।







