गुवाहाटी, 21 अप्रैल।
क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का दुरुपयोग कर अश्लील वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुवाहाटी के बिरुबारी क्षेत्र निवासी माधव बर्मन के रूप में हुई है। यह कार्रवाई प्राग न्यूज चैनल के स्वत्वाधिकारी संजीव नारायण द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने एआई टूल्स की सहायता से संजीव नारायण और मर्मिता मित्रा के नाम से आपत्तिजनक वीडियो तैयार किया और उसे एक फेसबुक पेज पर अपलोड कर वायरल कर दिया, जिससे गंभीर चिंता की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद संजीव नारायण ने क्राइम ब्रांच से संपर्क किया, जिसके बाद जांच शुरू की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी माधव बर्मन को पानबाजार स्थित क्राइम ब्रांच थाने में लाया गया है और उससे पूछताछ जारी है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।



.jpg)






