सीवान, 24 अप्रैल
जिले में पुलिसकर्मियों से जुड़े एक आपत्तिजनक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी अभियान जारी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई, जिसके तहत 19 अप्रैल 2026 को सामने आए वीडियो को गंभीरता से लिया गया। बताया गया कि पुलिस कर्मियों से संबंधित इस आपत्तिजनक वीडियो को असामाजिक तत्वों द्वारा तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की गई। जांच के दौरान वीडियो बनाने और उसे वायरल करने में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई।
इसके बाद कार्रवाई करते हुए रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के अफरोज अली और सरफराज खान को गिरफ्तार किया गया। दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि इस मामले में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आईटी एक्ट के तहत विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार के भ्रामक या आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें, क्योंकि ऐसी गतिविधियां कानून के खिलाफ हैं और इसमें शामिल पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।










