धर्मशाला, 24 अप्रैल।
धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड में 27 अप्रैल से 3 मई तक अखिल भारतीय शहीद मेजर दुर्गा मल्ल एवं कैप्टन दल बहादुर थापा मेमोरियल गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का 38वां संस्करण आयोजित किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर की फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी और यह आयोजन शहीदों की स्मृति व खेल भावना को समर्पित रहेगा।
वर्ष 1989 से लगातार आयोजित हो रहा यह टूर्नामेंट देश की शीर्ष टीमों को एक साझा मंच प्रदान करता रहा है और इसे स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि के रूप में भी देखा जाता है। प्रतियोगिता का उद्घाटन धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी करेंगे, जबकि 3 मई को समापन अवसर पर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और स्थानीय विधायक विजेताओं को सम्मानित करेंगे।
टूर्नामेंट समिति के अध्यक्ष पालम जंग प्रधान ने बताया कि अमृतकाल के इस दौर में आयोजन का महत्व और बढ़ गया है। यह प्रतियोगिता युवाओं को अनुशासन और देशभक्ति की भावना से जोड़ने का माध्यम है। इसके साथ ही 1 मई को धर्मशाला कॉलेज सभागार में एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा, जिसमें नेपाली-गोरखाली नृत्य और कांगड़ा की झमाकड़ा प्रस्तुति के साथ शहीदों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी।
इस बार प्रतियोगिता में कुल 14 प्रमुख टीमें भाग लेंगी, जिनमें आरबीआई मुंबई, कस्टम दिल्ली, सीआईएसएफ, राजस्थान पुलिस, 16 गढ़वाल राइफल्स, 2 गढ़वाल राइफल्स, 3/5 गोरखा राइफल्स, 5/5 गोरखा राइफल्स, खालसा क्लब अमृतसर, डू-लाइक स्पोर्ट्स क्लब जालंधर, जेसीटी फगवाड़ा, आरसीएफ कपूरथला और एचपीएफए शामिल हैं। मेजबान टीम भागसू इलेवन भी मैदान में उतरेगी।
इसके अलावा अंडर-19 इंटर स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता भी आयोजित होगी, जिसमें धर्मशाला और आसपास के 11 स्कूलों के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इनमें इंटरनेशनल सहज पब्लिक स्कूल, सेक्रेड हार्ट स्कूल, अचीवर्स हब, आधुनिक पब्लिक स्कूल, टीसीवी स्कूल, दयानंद पब्लिक स्कूल, हाइलैंड पब्लिक स्कूल, डीपीएस कांगड़ा और अन्य स्कूल शामिल हैं।










