कोलकाता, 24 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में हुगली नदी के किनारे समय बिताते हुए मां गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गंगा नदी हर बंगाली के जीवन और संस्कृति से गहराई से जुड़ी हुई है और यह बंगाल की आत्मा में प्रवाहित होती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी यात्रा की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि प्रत्येक बंगाली के लिए गंगा का विशेष महत्व है और इसका पवित्र जल एक समृद्ध सभ्यता की निरंतर भावना को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि कोलकाता में हुगली नदी के तट पर समय बिताना उनके लिए मां गंगा के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर रहा।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने नदी किनारे नाविकों और सुबह टहलने आए लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने नाव चलाने वाले समुदाय की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण प्रेरणादायक है। साथ ही उन्होंने हुगली तट पर स्थानीय लोगों से बातचीत कर पश्चिम बंगाल के विकास और यहां के लोगों की समृद्धि के लिए काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
पीएम मोदी ने नदी किनारे भ्रमण के दौरान हाथ में कैमरा लेकर फोटोग्राफी का प्रयास भी किया और विद्यासागर सेतु व हावड़ा ब्रिज का नजदीकी दृश्य देखा। उन्होंने नदी की तस्वीरें लेने की कोशिश करते हुए अपने अनुभव को साझा किया।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी आज पश्चिम बंगाल में दमदम और जादवपुर में होने वाली चुनावी जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे, जहां वे बड़ी रैलियों के माध्यम से जनता को संबोधित करेंगे।










