फिरोजाबाद, 24 अप्रैल
जिले के थाना टूंडला क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान लूट की वारदात में वांछित 25-25 हजार रुपये के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार 22 अप्रैल को ग्रामीण कोटा फाइनेंस के कर्मचारी अरमान और अरविंद बाइक से वैशालीपुरम कॉलोनी स्थित कार्यालय से रुपये लेकर बैंक में जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने पीछे से झपट्टा मारकर बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान एक आरोपी अरविंद सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके आधार पर दो अन्य आरोपियों कुलदीप और निखिल उर्फ कान्हा पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
गुरुवार देर रात थाना टूंडला पुलिस गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि दोनों इनामी आरोपी पैसे के बंटवारे के लिए हमीरपुर बंबा के पास इकट्ठा हो सकते हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए और पकड़ लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप और निखिल उर्फ कान्हा के रूप में हुई है। उनके पास से अवैध तमंचे, कारतूस, लूटी गई रकम और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपियों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।











