कोलकाता, 21 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान प्रचार के अंतिम दिन दार्जिलिंग के कर्सियांग में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने गोरखा समुदाय की समस्याओं, महिला सुरक्षा, घुसपैठ नियंत्रण और उत्तर बंगाल के विकास को लेकर कई अहम मुद्दे उठाए।
अमित शाह ने दावा किया कि राज्य में इस बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है और मौजूदा सरकार का जाना तय है। उन्होंने कहा कि जनता परिवर्तन के लिए पूरी तरह तैयार है और यह चुनाव राज्य की दिशा निर्धारित करेगा।
गोरखा समुदाय को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर उनकी लंबित समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। उन्होंने कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस पर दार्जिलिंग और गोरखा समाज की अनदेखी का आरोप लगाया।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि कुछ मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं तो चुनाव के बाद उन्हें पुनः जोड़ा जाएगा और हर पात्र नागरिक को उसका अधिकार मिलेगा।
अवैध घुसपैठ और रोहिंग्या तत्वों को लेकर उन्होंने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया और सीमावर्ती क्षेत्रों में सख्ती बढ़ाने की बात कही।
महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं और भाजपा सरकार बनने पर ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा कानून व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
उत्तर बंगाल के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कई परियोजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें वंदे भारत रेल सेवा का विस्तार, सेवक-रंगपो रेल परियोजना और न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन का आधुनिकीकरण शामिल है। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में पर्यटन, कनेक्टिविटी और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाएं भी लागू की जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि पहले चरण के मतदान से पूर्व प्रचार के अंतिम दिन अमित शाह की राज्य में कई जनसभाएं निर्धारित हैं, जिनमें वे विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जबकि अब सभी की नजरें मतदान और परिणामों पर टिकी हैं।









