कोलकाता, 21 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान से पूर्व चुनाव आयोग ने राज्य के छह जिलों को विशेष निगरानी सूची में रखा है। इन जिलों को अति संवेदनशील श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है।
चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार मालदा, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बर्धमान और उत्तर दिनाजपुर जिलों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यह कदम मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
आयोग के अधिकारियों ने राज्य में पिछले 15 वर्षों के चुनावी घटनाक्रमों की विस्तृत समीक्षा की है, जिसके आधार पर यह निर्णय लिया गया है कि संभावित विवाद, हिंसा और अशांति की स्थिति को रोकने के लिए कड़े प्रावधान लागू किए जाएंगे।
निर्देशों के तहत संबंधित अधिकारियों को गैर-जमानती मामलों में वारंट प्राप्त व्यक्तियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही संभावित उपद्रवियों और अशांति फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने तथा आवश्यक होने पर हिरासत में लेने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आयोग का आकलन है कि इन जिलों में पूर्व चुनावों के दौरान कई घटनाएं दर्ज की गई थीं, जिनके मद्देनजर इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि 2026 का विधानसभा चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और स्वतंत्र वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।



.jpg)







