कोलकाता, 25 अप्रैल।
चुनावी प्रचार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहीं राज्य की मंत्री बीरबाहा हांसदा के काफिले में शुक्रवार देर रात पुलिस की पायलट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कंटेनर वाहन से टक्कर के कारण दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें उलूबेड़िया स्थित शरतचंद्र चट्टोपाध्याय राजकीय चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी गाड़ी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
घटना 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उलूबेड़िया थाना क्षेत्र के वीरशिबपुर फ्लाईओवर पर देर रात करीब 12 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, मंत्री बीरबाहा हांसदा मेदिनीपुर से कोलकाता चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुई थीं। इसी दौरान उनके काफिले की पायलट गाड़ी का नियंत्रण बिगड़ गया और सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में मौजूद एक सहायक उपनिरीक्षक और एक कांस्टेबल घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे में मंत्री की गाड़ी सुरक्षित रही और वह घटना के बाद रात में ही कोलकाता के लिए रवाना हो गईं। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।










