अपराध
25 Apr, 2026

जहांगीर पुरी हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया खुलासा

जहांगीर पुरी में 17 वर्षीय किशोर की हत्या में फरार तीन आरोपितों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया और हत्या की साजिश का खुलासा किया।

नई दिल्ली, 25 अप्रैल

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीर पुरी क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर की चाकू से हत्या के मामले में फरार तीन आरोपितों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपितों में शेख इशाक (52), उसका बेटा दिलशाद (29) और इरफान (22) शामिल हैं। ये तीनों आरोपित जहांगीर पुरी के एच-2 ब्लॉक के निवासी हैं। हत्या के बाद ये आरोपी दिल्ली और यूपी के लोनी क्षेत्र में छिपते फिर रहे थे और पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार के अनुसार, 5 अप्रैल की रात जहांगीर पुरी के रामलीला ग्राउंड स्थित रिक्शा पार्किंग के पास कई हमलावरों ने 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला किया था। इस हमले में गंभीर रूप से घायल किशोर को उसके भाई अरमान ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हत्याकांड की सूचना मिलने के बाद जहांगीर पुरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मृतक के भाई हकीम अली शाह ने पुलिस को बताया कि पुरानी रंजिश के चलते दिलशाद, इरफान, राजाबुल, इमरान और शेख इशाक ने उनके भाई को घेर लिया था। आरोप है कि इन लोगों ने पहले उसे पकड़ा, फिर जमीन पर गिराकर कई बार चाकू से वार कर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने 7 अप्रैल को एक आरोपी और एक किशोर को गिरफ्तार किया था, लेकिन मुख्य आरोपी फरार थे।

क्राइम ब्रांच की एनआर-दो टीम को इन फरार आरोपितों की तलाश सौंपी गई थी। पुलिस ने लोनी स्थित सभापुर अंडरपास के पास तीनों आरोपितों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मृतक और उसके भाई से उनका पुराना विवाद था। आरोपितों का कहना है कि मृतक ने एक आरोपित की पत्नी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था, जिससे आरोपित परिवार रंजिश मान बैठा। बदला लेने के लिए आरोपितों ने 5 अप्रैल को हत्या की योजना बनाई थी। दिलशाद ने चाकू का इंतजाम किया और सभी आरोपितों को बांट दिए थे। इसके बाद, वे रामलीला ग्राउंड पहुंचे और किशोर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शेख इशाक मूल रूप से पश्चिम बंगाल का निवासी है, जो करीब 40 साल पहले दिल्ली आया था और जहांगीर पुरी में बस गया। वह इलाके में ई-रिक्शा पार्किंग चलाता था। दिलशाद और इरफान भी उसी काम में उसकी मदद करते थे। पुलिस के अनुसार, दिलशाद 2022 में हुए जहांगीर पुरी दंगे में भी शामिल था। पुलिस का मानना है कि आरोपितों ने न केवल बदला लेने बल्कि इलाके में अपना दबदबा बनाए रखने के लिए यह जघन्य हत्या की। पुलिस अब अन्य फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़