कोलकाता, 25 अप्रैल
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व बर्धमान जिले के जमालपुर में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का दावा किया।
अमित शाह ने पहले चरण के मतदान में भाजपा को 110 से अधिक सीटों पर बढ़त मिलने का अनुमान जताया और कहा कि चार मई को बर्धमान में जीत के बाद प्रसिद्ध सीताभोग मिठाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खिलाकर जीत का जश्न मनाया जाएगा। उन्होंने जमालपुर सीट पर भाजपा के प्रत्याशी को जिताने की अपील भी की।
सभा में केंद्रीय गृह मंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे को उठाते हुए आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़े हैं। उन्होंने आरजी कर और संदेशखाली जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
अमित शाह ने कहा कि देश के 20 राज्यों में भाजपा की सरकार है और वहां महिलाओं को सुरक्षा के लिए कोई पाबंदी नहीं है, जबकि बंगाल में महिलाओं को रात 7 बजे के बाद घर से बाहर न निकलने जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार बनने के बाद महिलाएं आधी रात को भी सुरक्षित बाहर निकल सकेंगी।
अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस पर चुनाव के दौरान हिंसा और डराने-धमकाने की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को डराना संभव नहीं है, कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है और जनता इस बार सत्ता बदलने का मन बना चुकी है।








