उत्तराखंड
25 Apr, 2026

एयर अटैक मॉक ड्रिल: देहरादून में सुरक्षा तंत्र की तत्परता का प्रदर्शन

देहरादून में एयर अटैक मॉक ड्रिल के जरिए आपातकालीन तैयारियों और राहत-बचाव प्रणाली की क्षमता का परीक्षण किया गया। विभिन्न एजेंसियों ने समन्वित रूप से भाग लिया।

देहरादून, 24 अप्रैल।

एयर अटैक जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी परखने के लिए देहरादून में शुक्रवार रात मॉक ड्रिल आयोजित की गई। निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आपात व्यवस्था की तत्परता का परीक्षण किया।

पुलिस कंट्रोल रूम से रात 10:05 बजे एयर अटैक की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (ईओसी) सक्रिय किया गया और इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) तुरंत लागू किया गया। इसके बाद शहरी क्षेत्रों में 10:05 से 10:35 बजे तक पूर्ण ब्लैकआउट किया गया।

दूरसंचार, मोबाइल, वायरलेस और हॉटलाइन माध्यमों के जरिए लगातार संपर्क बनाए रखा गया। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी कंट्रोल रूम में मौजूद रहे और स्थिति पर नजर रखी गई। राहत एवं बचाव कार्यों में सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों को भी शामिल किया गया।

ड्रिल के दौरान घंटाघर, डील रायपुर, आराघर और आईएसबीटी को प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया। आईएसबीटी क्षेत्र में 10:34 बजे बम विस्फोट की काल्पनिक स्थिति दिखाई गई, जिसमें 4 लोगों की मृत्यु, 6 गंभीर और 5 सामान्य घायल दर्शाए गए। घायलों को दून चिकित्सालय में उपचार के लिए भेजा गया।

आराघर क्षेत्र में 10:36 बजे बम गिरने की सूचना पर ईओडी टीम ने बम को निष्क्रिय किया। घंटाघर क्षेत्र में बमबारी से पुलिया क्षतिग्रस्त होने और बिजली-पानी आपूर्ति बाधित होने की स्थिति बनाई गई, जिसे संबंधित विभागों ने बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की।

डील रायपुर और आराघर क्षेत्रों में किसी प्रकार की जनहानि नहीं दिखाई गई। सभी स्थानों पर सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अर्द्धसैनिक बल, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने समन्वित रूप से राहत एवं बचाव कार्य किए।

सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की तैनाती भी की गई, जिसमें घंटाघर और आराघर में 52-52, आईएसबीटी में 36 और डील रायपुर में 12 स्वयंसेवक शामिल रहे।

यह मॉक ड्रिल केंद्र सरकार के निर्देश पर आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य आपदा प्रबंधन प्रणाली की तैयारी, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और आपात प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना था।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़