देहरादून, 25 अप्रैल।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा शनिवार को घोषित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में सफल विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके परिजनों को भी बधाई प्रेषित की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी समर्पण और आत्मविश्वास के साथ छात्र आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन विद्यार्थियों को अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सके हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। धैर्य और लगातार प्रयास से वे भविष्य में अवश्य सफलता प्राप्त करेंगे। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों के सहयोग और मार्गदर्शन की भी सराहना की।










