कोलकाता, 25 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनाव के दौरान कथित गंभीर अनियमितताओं और निष्पक्षता बनाए रखने में विफलता के आरोपों के बीच चुनाव आयोग ने पांच पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। साथ ही, इनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
निलंबित किए गए अधिकारियों में आईपीएस संदीप गराई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (डायमंड हार्बर), सजल मंडल (एसडीपीओ डायमंड हार्बर), मौसम चक्रवर्ती (इंस्पेक्टर-इन-चार्ज, डायमंड हार्बर थाना), अजय बाग (इंस्पेक्टर-इन-चार्ज, फलता थाना) और शुभेच्छा बाग (ऑफिसर-इन-चार्ज, उस्ती थाना) शामिल हैं।
आयोग ने आईपीएस अधिकारी संदीप गराई के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजने के निर्देश भी दिए हैं, जो उनकी कैडर नियंत्रक प्राधिकरण है।
इसके अतिरिक्त, चुनाव जैसे संवेदनशील समय में अपने अधीनस्थ अधिकारियों के बीच अनुशासन और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में असफल रहने पर डायमंड हार्बर की पुलिस अधीक्षक ईशानी पाल को आयोग की ओर से कड़ी चेतावनी जारी की गई है।










