उधम सिंह नगर, 25 अप्रैल।
जनपद उधम सिंह नगर में किच्छा–पंतनगर राजमार्ग पर एम्स के निकट रेलवे भूमि पर बनी एक अवैध मजार को शनिवार तड़के जिला प्रशासन और रेलवे की संयुक्त टीम द्वारा ध्वस्त कर हटा दिया गया। कार्रवाई के बाद सरकारी भूमि से हटाई गई अवैध संरचनाओं की कुल संख्या 582 तक पहुंच गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस अवैध निर्माण को हटाने से पहले संबंधित प्रबंधन को कई बार नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बावजूद न तो भूमि से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए गए और न ही अतिक्रमण हटाने की पहल की गई।
अपर जिला अधिकारी के अनुसार, रेलवे प्रशासन की ओर से मई 2023 और सितंबर 2025 में भी नोटिस जारी कर भूमि स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज मांगे गए थे। इसके बाद 25 अप्रैल 2026 को सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया, जिस पर जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध संरचना को हटाया।
अधिकारियों ने बताया कि ध्वस्तीकरण के दौरान स्थल पर किसी प्रकार के अवशेष नहीं पाए गए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह अतिक्रमण रेलवे की विस्तार योजना तथा बरेली–नैनीताल राज्य मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में बाधा बन रहा था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि से अब तक 582 अवैध संरचनाएं हटाई जा चुकी हैं और भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमणों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।










