पटना, 21 अप्रैल।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगामी 26 अप्रैल को अपने गृह जिले मुंगेर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे तारापुर विधानसभा क्षेत्र के असरगंज प्रखंड स्थित बैजलपुर का भ्रमण करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ को भी सुनेंगे। इसके साथ ही असरगंज क्षेत्र की प्रसिद्ध ढोल पहाड़ी पर प्रस्तावित इको-टूरिज्म परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री तारापुर स्थित सिंचाई भवन अतिथि गृह पहुंचेंगे, जहां उनके सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की बड़ी संख्या में भागीदारी रहने की संभावना है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जनता से संवाद भी कर सकते हैं।
दौरे के दौरान वे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें विकास योजनाओं की प्रगति, कानून-व्यवस्था और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने बताया कि ढोल पहाड़ी को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित करने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



.jpg)






