नई दिल्ली, 22 अप्रैल।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ युद्धविराम को आगे बढ़ाने की घोषणा के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती बनी हुई है। आज के कारोबार में ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर के बेहद करीब पहुंच गया, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड ने भी 90 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर लिया। हालांकि बाद के सत्र में कीमतों में हल्की नरमी भी देखने को मिली।
बाजार की शुरुआत में ब्रेंट क्रूड ने तेज रुख दिखाते हुए लगभग 99.24 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से कारोबार शुरू किया और कुछ ही समय में बढ़कर 99.29 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। भारतीय समयानुसार सुबह 9:15 बजे तक इसमें कुछ गिरावट दर्ज हुई और यह 98.34 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया।
डब्ल्यूटीआई क्रूड में भी शुरुआती कारोबार में तेजी का माहौल रहा। इसने 90.38 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से शुरुआत की और थोड़ी ही देर में 90.71 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। हालांकि बाद में इसके दामों में मामूली कमी आई और सुबह 9:15 बजे यह 89.47 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
विशेषज्ञों का मानना है कि भले ही युद्धविराम की घोषणा की गई है, लेकिन होर्मुज स्ट्रेट में नाकाबंदी की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में इस अहम समुद्री मार्ग से तेल टैंकरों और मालवाहक जहाजों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति पर दबाव बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित दूसरे चरण की शांति वार्ता भी फिलहाल आगे नहीं बढ़ सकी है। इसके अलावा शांति प्रक्रिया को लेकर होने वाली उच्चस्तरीय यात्राएं भी टल गई हैं, जिससे पश्चिम एशिया में स्थिरता की उम्मीदों को झटका लगा है।
क्षेत्र में जारी तनाव के चलते कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें फिर से 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर के करीब पहुंच गई हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि युद्धविराम फिलहाल जारी रखने पर सहमति बनी हुई है, जिससे निकट भविष्य में बड़े सैन्य टकराव की संभावना कम नजर आ रही है।






.jpg)


