नई दिल्ली, 22 अप्रैल।
वैश्विक बाजारों से आज कमजोर संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी शेयर बाजार पिछली कारोबारी अवधि में गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में आज शुरुआती कारोबार में बढ़त देखने को मिल रही है। यूरोपीय बाजारों में भी बीते सत्र के दौरान लगातार दबाव बना रहा, वहीं एशियाई बाजारों में आज मिश्रित रुझान दिखाई दे रहा है।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है। ईरान द्वारा शांति वार्ता के दूसरे चरण के प्रस्ताव को अस्वीकार किए जाने से अमेरिकी बाजारों में दबाव का माहौल बना रहा। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 292.96 अंक यानी 0.59 प्रतिशत गिरकर 49,149.60 अंक पर बंद हुआ। एस एंड पी 500 इंडेक्स भी 0.63 प्रतिशत टूटकर 7,064.01 अंक के स्तर पर आ गया। नैस्डेक इंडेक्स में भी कमजोरी दर्ज की गई और यह 144.43 अंक यानी 0.59 प्रतिशत गिरकर 24,259.96 अंक पर बंद हुआ। आज डाउ जॉन्स फ्यूचर्स 220.27 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ 49,369.65 अंक पर कारोबार करता नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजारों की बात करें तो यहां भी गिरावट का रुख बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 110.99 अंक यानी 1.06 प्रतिशत टूटकर 10,498.09 अंक पर बंद हुआ। सीएसी इंडेक्स 95.33 अंक यानी 1.16 प्रतिशत गिरकर 8,235.72 अंक पर पहुंच गया। डीएएक्स इंडेक्स भी 146.93 अंक यानी 0.61 प्रतिशत फिसलकर 24,270.87 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला कारोबार देखा जा रहा है। नौ प्रमुख बाजारों में से पांच सूचकांक लाल निशान में हैं और चार सूचकांक हरे निशान में बने हुए हैं। ताइवान वेटेड इंडेक्स 410.16 अंक यानी 1.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 38,015.27 अंक पर कारोबार कर रहा है। निक्केई इंडेक्स 232.83 अंक यानी 0.39 प्रतिशत चढ़कर 59,582 अंक तक पहुंच गया है। शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.24 प्रतिशत मजबूत होकर 4,095.07 अंक पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.19 प्रतिशत बढ़कर 1,486.37 अंक पर कारोबार कर रहा है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 174 अंक यानी 0.71 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,401 अंक पर ट्रेड कर रहा है। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.46 प्रतिशत गिरकर 4992.05 अंक पर आ गया है। हैंग सेंग इंडेक्स में भी गिरावट का दबाव बना हुआ है और यह 299.48 अंक यानी 1.14 प्रतिशत लुढ़ककर 26,188 अंक तक आ गया है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,549.27 अंक पर और कोस्पी इंडेक्स 0.02 प्रतिशत कमजोर होकर 6,387.24 अंक पर कारोबार कर रहा है।







.jpg)


