छत्तीसगढ़
21 Apr, 2026

गंगरेल बांध का होगा बड़ा उन्नयन, 65.5 करोड़ से बढ़ेगी सुरक्षा

धमतरी में रविशंकर सागर जलाशय के उन्नयन के लिए 65.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे बांध की सुरक्षा और आयु में वृद्धि होगी।

धमतरी, 21 अप्रैल

धमतरी जिले की जीवनरेखा माने जाने वाले रविशंकर सागर जलाशय (गंगरेल बांध) के उन्नयन और सुरक्षा को लेकर राज्य शासन ने बड़ा निर्णय लिया है। बांध की दीर्घकालिक मजबूती सुनिश्चित करने के लिए 65.5 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस परियोजना के तहत बांध में आधुनिक तकनीकों के माध्यम से सफाई, मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों से न केवल बांध की आंतरिक संरचना को मजबूती मिलेगी, बल्कि जल रिसाव की समस्या पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मंगलवार को इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु से पहले सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ-साथ कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

वर्ष 1978 में निर्मित यह बहुउद्देशीय जलाशय पिछले लगभग 45 वर्षों से क्षेत्र के विकास का प्रमुख आधार रहा है। यह जलाशय हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई, पेयजल आपूर्ति, औद्योगिक उपयोग तथा 11.2 मेगावाट विद्युत उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार समय के साथ बांधों में जल रिसाव जैसी समस्याएं उत्पन्न होना सामान्य प्रक्रिया है, जिसे नियंत्रित करने के लिए नियमित रखरखाव और आधुनिक तकनीकों का उपयोग आवश्यक है। प्रस्तावित कार्यों से बांध की आयु में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और इसकी सुरक्षा और अधिक मजबूत होगी।

कलेक्टर ने कहा कि रविशंकर सागर जलाशय न केवल जिले, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा किया जाए, ताकि आगामी वर्षा ऋतु में किसी प्रकार का जोखिम उत्पन्न न हो।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़