प्रशासनिक खबरें
21 Apr, 2026

भोपाल मेट्रो परियोजना में तेजी, कलेक्टर ने दिए भूमि अधिग्रहण के निर्देश

भोपाल में कलेक्टर ने मेट्रो परियोजना की समीक्षा कर भूमि अधिग्रहण कार्यों में तेजी लाने और विवादों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

भोपाल, 21 अप्रैल

भोपाल में मंगलवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने भोपाल मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और भूमि अधिग्रहण से जुड़े सभी प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिन क्षेत्रों में भूमि संबंधी कोई विवाद नहीं है, वहां मेट्रो कंपनी निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाए, ताकि परियोजना निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हो सके। उन्होंने सभी एसडीएम को मिशन मोड में कार्य करते हुए भूमि अधिग्रहण के लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि चिन्हित भूमि का सीमांकन कर उसे जल्द से जल्द मेट्रो कंपनी को सौंपा जाए। यदि किसी स्थान पर भूमि से संबंधित विवाद उत्पन्न होता है, तो उसे तत्काल कलेक्टर के संज्ञान में लाकर उसका शीघ्र समाधान कराया जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि भोपाल मेट्रो परियोजना के अंतर्गत ऑरेंज लाइन का प्राथमिक कॉरिडोर सुभाष नगर से केन्द्रीय विद्यालय बोर्ड ऑफिस चौराहा होते हुए एम्स तक विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही ब्लू लाइन रूट भदभदा डिपो चौराहा, जवाहर चौक, रोशनपुरा, कुशाभाऊ ठाकरे हॉल, लाल परेड मैदान, पुल बोगदा, प्रभात चौराहा, गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र, जेके रोड, इंद्रपुरी, पिपलानी और रत्नागिरी तिराहा तक प्रस्तावित है।

कलेक्टर ने धारा 19 के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एमआईडीसी, वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेट्रो निर्माण से प्रभावित आरा मशीनों के स्थानांतरण की कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए, ताकि परियोजना कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

बैठक में अपर कलेक्टर सुमित पांडे, मेट्रो मंडल प्रबंधक, नगर निगम के अपर आयुक्त सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं एसडीएम उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़