उमरिया, 21 अप्रैल
मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल मंगलवार को उमरिया जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया तथा विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं में सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया।
इस दौरान वे पिछड़ा जाति मोर्चा ब्लॉक अध्यक्ष मिथिलेश राय के निवास पर भी पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया। मीडिया से बातचीत में अजय सिंह राहुल ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की और कहा कि वर्ष 2028 कांग्रेस के लिए बेहतर अवसर लेकर आएगा।
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि भाजपा महिला आरक्षण बिल को लेकर गंभीर नहीं है और इसे केवल राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण के नाम पर परिसीमन कराने की मंशा थी, जिसे कांग्रेस ने सफल नहीं होने दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि अब भाजपा अपनी विफलताओं का दोष कांग्रेस पर डालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि 27 तारीख को बुलाया गया विधानसभा का विशेष सत्र संभवतः इसी विषय से जुड़ा हो सकता है।
किसानों की समस्याओं को लेकर उन्होंने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। अजय सिंह राहुल ने कहा कि सरकार का ‘किसान कल्याण वर्ष’ केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित रह गया है। उन्होंने बताया कि कहीं स्लॉट बुकिंग नहीं हो पा रही है तो कहीं पर्याप्त वारदाना उपलब्ध नहीं है, जिससे किसानों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।










