खरगोन, 21 अप्रैल
खरगोन जिले में मंगलवार दोपहर एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई, जिसमें अनाज व्यापारी के मुनीम की कार से 25 लाख रुपये से भरा बैग अज्ञात बदमाशों द्वारा चोरी कर लिया गया। घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना करीब 12 बजे दाता हनुमान मंदिर गली क्षेत्र में जिला सहकारी बैंक के पास हुई। अनाज व्यापारी दिनेश जायसवाल के मुनीम ताहेर अली बोहरा बैंक ऑफ बड़ौदा, डायवर्सन रोड से 27 लाख रुपये निकालकर लौटे थे। इसके बाद उन्होंने रास्ते में एक कारोबारी को ढाई लाख रुपये का भुगतान किया।
इसके पश्चात वे बस स्टैंड होते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के बाहर अपनी कार (एमपी 09 डब्ल्यूके 7877) खड़ी कर मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने मौके का फायदा उठाकर कार से रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया और फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत शहरभर में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा बैंक और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में दो संदिग्धों की गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।










