धमतरी, 21 अप्रैल
कुरुद नगर में सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई है। नगर पालिका परिषद द्वारा बाईपास रोड स्थित जेडी कॉलोनी के सामने रंगमंच एवं बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 3 करोड़ 7 लाख 52 हजार 683 रुपये की राशि मंजूर की गई है।
नगरीय प्रशासन विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद इस परियोजना से संबंधित प्रक्रियाएं तेज कर दी गई हैं। निविदा समिति की बैठक 17 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न प्रस्तावों का परीक्षण कर श्याम कंस्ट्रक्शन की निविदा को सबसे कम दर पर स्वीकार किया गया, जो एसओआर से 4.91 प्रतिशत अधिक है।
स्वीकृत राशि में से 2 करोड़ 87 लाख 52 हजार 683 रुपये निर्माण कार्य के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि 20 लाख रुपये नॉन एसओआर मद के अंतर्गत रखे गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर 2 करोड़ 90 लाख 66 हजार 683 रुपये की स्वीकृति दी गई है, वहीं शेष 16 लाख 86 हजार 683 रुपये की राशि नगर पालिका निधि से वहन की जाएगी।
नगर पालिका परिषद ने निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य में सभी नियमों का सख्ती से पालन किया जाए और किसी भी स्थिति में स्वीकृत बजट से अधिक व्यय न हो।
इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में सांस्कृतिक आयोजनों को एक सशक्त मंच मिलेगा तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे स्थानीय स्तर पर सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।










