भोपाल, 21 अप्रैल
मध्य प्रदेश को देश का तेजी से आगे बढ़ता दूसरा प्रदेश बताते हुए मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि राज्य हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास के विभिन्न आयामों में प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिससे इसकी पहचान तेजी से मजबूत हो रही है।
मंगलवार को राजधानी स्थित मंत्रालय में मुख्य सचिव जैन ने भारतीय विदेश सेवा के अधिकारियों के एक दल के साथ संवाद किया। यह दल अध्ययन उद्देश्य से मध्य प्रदेश पहुंचा हुआ है। इस दौरान प्रशासन अकादमी के संचालक मुजीबुर्रहमान खान भी उपस्थित रहे और चर्चा में सहभागिता की।
मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में उद्योगों के लिए चौबीसों घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और इस मामले में राज्य अतिरिक्त बिजली की स्थिति में है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सिंचाई का दायरा बढ़कर 55 लाख हेक्टेयर से अधिक हो गया है, जो एक रिकॉर्ड स्तर है। साथ ही उन्होंने बताया कि कृषि उत्पादन में विशेष रूप से दलहन और तिलहन के क्षेत्र में मध्य प्रदेश अग्रणी बना हुआ है। प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उस सोच का उल्लेख किया, जिसके तहत पिछले वर्ष को उद्योग एवं निवेश वर्ष और वर्तमान वर्ष को कृषि वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके साथ ही अधोसंरचना विकास और सूचना प्रौद्योगिकी समेत अन्य क्षेत्रों में हो रहे निवेश की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के दौरान 18 नीतियों में सकारात्मक बदलाव किए गए, जिससे औद्योगिक माहौल में सुधार आया है।
मुख्य सचिव जैन ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक विविधता, स्थानीय बोलियों और खानपान की विशेषताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उद्यानों, धार्मिक स्थलों और पर्यटन स्थलों के विकास के कारण अब यहां करोड़ों की संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। साथ ही प्रदेश की पारंपरिक कला और हस्तकला की समृद्ध विरासत की भी जानकारी दी। इस अवसर पर विदेश सेवा के विभिन्न प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।










