20 अप्रैल
ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष विराम के बीच ओमान की खाड़ी में हुई एक घटना ने दोनों देशों के बीच चल रही शांति वार्ताओं को झटका दे दिया है। ईरान की सेना ने रविवार को कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अमेरिकी कार्रवाई का जवाब दिया जाएगा। सेना के अनुसार, अमेरिका ने समुद्री क्षेत्र में युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए एक कंटेनर जहाज पर गोलीबारी कर उसे अपने कब्जे में ले लिया।
ईरान के सरकारी प्रसारण माध्यम के मुताबिक, सेना ने अपने संदेश में आरोप लगाया कि संयुक्त राज्य अमेरिका ने ओमान सागर के जल क्षेत्र में समुद्री मार्ग पर हमला कर डकैती जैसा कृत्य किया है। ईरान ने इसे सीजफायर समझौते का उल्लंघन बताते हुए गंभीर परिणामों की चेतावनी दी है।
ईरानी सेना के अनुसार, अमेरिकी कार्रवाई के दौरान जहाज के नेविगेशन उपकरणों को नुकसान पहुंचाया गया और जहाज के डेक पर सैनिकों की तैनाती कर दी गई। ईरान ने स्पष्ट किया कि इस सशस्त्र समुद्री कार्रवाई का जवाब जल्द दिया जाएगा।
दूसरी ओर अमेरिका ने भी इस घटना की पुष्टि की है। अमेरिकी सेना के अनुसार, उसके एक युद्धपोत ने ईरान के झंडे वाले जहाज पर कई राउंड फायरिंग की, क्योंकि वह जहाज नौसैनिक नाकाबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहा था। अमेरिकी कमांड ने बयान जारी कर बताया कि नाकाबंदी लागू होने के बाद से 25 वाणिज्यिक जहाजों को वापस लौटने या ईरान के बंदरगाहों की ओर जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस घटना से कुछ समय पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान के साथ वार्ता के लिए अपनी टीम इस्लामाबाद भेज रहे हैं। हालांकि अब ईरान ने साफ कर दिया है कि जब तक अमेरिका अपनी नाकाबंदी समाप्त नहीं करता, तब तक किसी भी प्रकार की बातचीत संभव नहीं होगी।
इसी बीच ईरान की एक समाचार एजेंसी ने बताया कि युद्ध के दौरान क्षतिग्रस्त सरकारी इमारतों को बेचने का निर्णय लिया गया है। यह कदम युद्ध के असर को देखते हुए उठाया गया है।
उधर, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के साथ फोन पर बातचीत में कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नाकाबंदी संघर्ष विराम का उल्लंघन है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि अमेरिका कूटनीति में भरोसा नहीं निभा सकता।
वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मंच पर कहा कि एक ईरानी मालवाहक जहाज ने होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नाकाबंदी को पार करने का प्रयास किया था, जिसे अब कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है।







