नई दिल्ली, 20 अप्रैल।
घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को शुरुआती सत्र में उतार-चढ़ाव के बीच दबाव का माहौल बना रहा। कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई और शुरुआती मिनटों में खरीदारी के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी ने मजबूती दिखाई, लेकिन जल्द ही बिकवाली हावी हो गई, जिससे दोनों सूचकांकों की रफ्तार धीमी पड़ गई। सुबह करीब 10 बजे तक सेंसेक्स में 0.01 प्रतिशत और निफ्टी में 0.09 प्रतिशत की हल्की गिरावट दर्ज की गई।
सुबह 10 बजे तक के कारोबार में प्रमुख शेयरों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट लिमिटेड, एक्सिस बैंक और एनटीपीसी में 2.14 प्रतिशत से 0.50 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। वहीं जियो फाइनेंशियल, टीएमपीवी, एचडीएफसी लाइफ, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और एटरनल के शेयर 3.62 प्रतिशत से 1.47 प्रतिशत तक टूटते नजर आए।
अब तक के कारोबार में कुल 2,776 शेयरों में लेनदेन हुआ, जिनमें से 945 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में रहे, जबकि 1,831 शेयर नुकसान के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 9 में तेजी रही, जबकि 21 में गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह निफ्टी के 50 शेयरों में से 10 हरे निशान में और 40 लाल निशान में बने हुए थे।
बीएसई सेंसेक्स 139.36 अंकों की बढ़त के साथ 78,632.90 पर खुला और शुरुआती खरीदारी से 78,733.25 तक पहुंचा, लेकिन बाद में बिकवाली के चलते बढ़त खत्म हो गई। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स मामूली गिरावट के साथ 78,487.72 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
एनएसई निफ्टी ने 37.95 अंकों की तेजी के साथ 24,391.50 से शुरुआत की और शुरुआती उछाल में 24,420.20 तक पहुंचा, लेकिन इसके बाद बिकवाली बढ़ने से यह नीचे फिसल गया। पहले आधे घंटे में ही निफ्टी 24,241.25 तक गिरा और 10 बजे तक 20.75 अंक टूटकर 24,332.80 के स्तर पर आ गया।
पिछले सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 504.86 अंक की बढ़त के साथ 78,493.54 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 156.80 अंक चढ़कर 24,353.55 के स्तर पर पहुंचा था।









