उत्तराखंड
18 Apr, 2026

हरिद्वार से चारधाम यात्रा का आगाज, भक्तिमय माहौल में पहला जत्था रवाना

हरिद्वार से चार धाम यात्रा शुरू हो गई है, जिसमें 250 तीर्थयात्रियों का पहला जत्था माया देवी मंदिर से रवाना हुआ। पूरे देश से आ रहे श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

हरिद्वार, 18 अप्रैल।

धर्मनगरी हरिद्वार से शनिवार सुबह चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया। माया देवी मंदिर परिसर से लगभग 250 श्रद्धालुओं का पहला जत्था विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद जयकारों के बीच रवाना हुआ, जिससे पूरा वातावरण धार्मिक उत्साह से भर गया।

जानकारी के अनुसार हरिद्वार टूर ऑपरेटर्स एवं ट्रैवल एसोसिएशन की ओर से बताया गया कि शहर से लगभग 1000 वाहन चारधाम यात्रा के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। इस यात्रा में गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु शामिल हुए हैं।

इस बार राज्य सरकार द्वारा यात्रा के लिए लागू यात्री सीमा समाप्त किए जाने से श्रद्धालुओं और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। ट्रैवल एसोसिएशन के अनुसार इस निर्णय के बाद बुकिंग में तेजी आई है और इस वर्ष यात्रा में नए रिकॉर्ड बनने की संभावना है।

चारधाम यात्रा का हरिद्वार को प्रवेश द्वार माना जाता है, जहां श्रद्धालु हर की पौड़ी, मनसा देवी मंदिर और माया देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपनी यात्रा की शुरुआत करते हैं। यहां से हर वर्ष हजारों वाहन और बड़ी संख्या में ट्रैवल ऑपरेटर इस धार्मिक यात्रा में शामिल होते हैं।

चारधाम के प्रमुख धामों के कपाट आने वाले दिनों में खुलेंगे, जिनमें 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम, 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम तथा 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। चूंकि इन धामों तक पहुंचने में समय लगता है, इसलिए श्रद्धालु पहले ही यात्रा पर निकल पड़ते हैं।

ट्रांसपोर्ट और टूर ऑपरेटर्स के अनुसार सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं को सुरक्षित तथा सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़