उत्तराखंड
14 Apr, 2026

दिल्ली–देहरादून आर्थिक गलियारे का प्रधानमंत्री ने किया उद्घाटन, विकास को मिली नई रफ्तार

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देहरादून में दिल्ली–देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन कर इसे क्षेत्रीय विकास, कनेक्टिविटी सुधार और पर्यावरण संतुलन के साथ आधुनिक भारत की महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजना बताया।

देहरादून, 14 अप्रैल।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को देहरादून में बहुप्रतीक्षित दिल्ली–देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति की असली रेखाएं हमारी सड़कें, राजमार्ग, एक्सप्रेसवे, हवाई मार्ग, रेल मार्ग और जलमार्ग हैं। उन्होंने कहा कि देश बीते एक दशक से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए ऐसी विकास रेखाओं के निर्माण में जुटा है, जो आज की सुविधा के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्धि की गारंटी भी हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण कर 26वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के रूप में यह परियोजना राज्य की प्रगति में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा के दौरान उनके विचार में यह बात आई थी कि इस शताब्दी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा और आज राज्य तेजी से विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है।

करीब 213 किलोमीटर लंबे छह लेन एक्सेस कंट्रोल्ड कॉरिडोर का निर्माण 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया गया है। यह मार्ग दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और यात्रा समय को छह घंटे से घटाकर लगभग ढाई घंटे कर देगा, जिससे लोगों को अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम आवागमन मिलेगा।

इस परियोजना में 10 इंटरचेंज, 3 रेलवे ओवर ब्रिज, 4 बड़े पुल और 12 वे-साइड सुविधाओं का विकास किया गया है। इसके साथ ही बेहतर यातायात नियंत्रण के लिए उन्नत यातायात प्रबंधन प्रणाली भी स्थापित की गई है।

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस गलियारे में विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिसमें 12 किलोमीटर लंबा वन्यजीव एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल है जो एशिया के सबसे लंबे कॉरिडोर में से एक है। इसके अलावा 8 पशु मार्ग, दो 200-200 मीटर लंबे हाथी अंडरपास और दात काली मंदिर के पास 370 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण भी किया गया है।

उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में इस वन्यजीव कॉरिडोर का निरीक्षण किया तथा देहरादून स्थित जय मां दात काली मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। यह परियोजना क्षेत्रीय विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने और व्यापार के नए अवसर सृजित करने में अहम भूमिका निभाएगी तथा आधुनिक बुनियादी ढांचे और पर्यावरण संतुलन का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

22° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़