मुंबई, 14 अप्रैल।
संजय दत्त अभिनीत फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का नया टीजर जारी होने के बाद दर्शकों के बीच उत्सुकता और अधिक बढ़ गई है। ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित इस फिल्म की झलक से संकेत मिलता है कि यह भारत के अतीत के उन महत्वपूर्ण पहलुओं को उजागर करने का प्रयास कर रही है, जिन पर अब तक अपेक्षाकृत कम चर्चा हुई है। टीजर में उठाए गए प्रश्न और उसकी प्रस्तुति ने इसे वर्ष 2026 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल कर दिया है।
टीजर की सबसे प्रमुख विशेषता वर्ष 1934 में महात्मा गांधी और केशव बलिराम हेडगेवार के बीच कथित मुलाकात को केंद्र में रखना है। फिल्म यह प्रश्न उठाती है कि उस ऐतिहासिक भेंट के दौरान वास्तव में क्या संवाद हुआ था। इस विषय को बेहद नाटकीय और स्पष्ट शैली में प्रस्तुत किया गया है, जो दर्शकों को विचार करने पर मजबूर करता है। साथ ही, फिल्म में आरएसएस से जुड़े विवादों और इतिहास के उन पहलुओं को भी छूने का प्रयास किया गया है, जो अब तक अनछुए रहे हैं।
निखिल नंदा मोशन पिक्चर्स के बैनर तले निर्मित इस फिल्म का निर्देशन अभिजीत मोहन वारंग ने किया है, जबकि इसका निर्माण निखिल नंदा और संजय दत्त द्वारा किया गया है। फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं, संगीत मोंटी शर्मा ने दिया है तथा गीत कुमार विश्वास द्वारा रचे गए हैं।
फिल्म ‘आखिरी सवाल’ आगामी 8 मई को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। टीजर जारी होने के बाद से ही फिल्म को लेकर चर्चाओं में तेजी आई है और माना जा रहा है कि रिलीज के बाद यह गंभीर बहस को जन्म दे सकती है।




.jpg)
.jpg)




.jpg)


