नई दिल्ली, 14 अप्रैल।
टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया के आधुनिकीकरण कार्यक्रम के तहत पहला पुनर्निर्मित बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान देर रात दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच गया। विमान अमेरिका के सैन बर्नार्डिनो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंबी दूरी की उड़ान भरकर भारत लाया गया।
एयरलाइन की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि वीटी-एएनटी पंजीकरण वाला यह विमान कंपनी के व्यापक रेट्रोफिट प्रोग्राम का हिस्सा है, जिसके तहत कुल 26 विमानों का नवीनीकरण किया जा रहा है। इस परियोजना की घोषणा वर्ष 2022 में लगभग 40 करोड़ डॉलर के निवेश के साथ की गई थी, हालांकि आपूर्ति श्रृंखला और वैश्विक परिस्थितियों के कारण इसमें देरी हुई।
इस नवीनीकरण के तहत विमान के केबिन को पूरी तरह अपग्रेड किया गया है, जिसमें नई आधुनिक सीटें, बेहतर इनफ्लाइट मनोरंजन प्रणाली और प्रीमियम इकॉनमी श्रेणी की सुविधा शामिल की गई है। एयर इंडिया के अनुसार, यह विमान लंबी दूरी के अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर सेवा देगा, जिनमें यूरोप, अमेरिका और सुदूर पूर्व के गंतव्य शामिल हैं। कंपनी ने इसे अपने फ्लीट ट्रांसफॉर्मेशन अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है और कहा है कि आने वाले समय में यात्रियों को और अधिक बेहतर उड़ान अनुभव मिलेगा।


.jpg)

.jpg)
.jpg)






