भोपाल, 14 अप्रैल।
मध्य प्रदेश में सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के निर्देश पर सहकारिता विभाग द्वारा मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक बड़ा सदस्यता अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश की 4500 से अधिक प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के माध्यम से 10 लाख से अधिक किसानों को सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान 15 मई तक चलेगा।
जनसंपर्क अधिकारी दुर्गेश रायकवार के अनुसार, बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां (बी-पैक्स) ग्रामीण सहकारी व्यवस्था की आधार इकाई हैं, जो किसानों को ऋण, कृषि सामग्री, भंडारण और विपणन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराती हैं। हालांकि वर्तमान में बड़ी संख्या में पात्र किसान अभी भी सदस्य नहीं हैं, जिसके कारण वे संस्थागत ऋण और सहकारी सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
इसी स्थिति को देखते हुए कार्यक्षेत्र में रहने वाले सभी गैर-सदस्य किसानों को प्राथमिकता के आधार पर पैक्स से जोड़ने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसे पूरे प्रदेश में लागू किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र किसानों को सदस्यता से जोड़ना है, ताकि उन्हें आसान ऋण और अन्य कृषि सेवाएं उपलब्ध हो सकें। इसमें छोटे, सीमांत, महिला एवं कमजोर वर्ग के किसानों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
पैक्स सदस्य बनने पर किसानों को अल्पकालीन और मध्यमकालीन ऋण कम ब्याज दर पर उपलब्ध होते हैं तथा ब्याज अनुदान योजनाओं का लाभ भी मिलता है। इसके अलावा किसानों को बीज, खाद और कीटनाशक उचित दर पर उपलब्ध कराए जाते हैं और वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्राथमिकता से प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही सदस्य सहकारी निर्णयों में भागीदारी और लाभांश प्राप्त करने के भी अधिकारी होते हैं।
किसान विभागीय पोर्टल https://icmis.mp.gov.in/RCSWEB/public पर जाकर इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं।




.jpg)
.jpg)



.jpg)


