सागर, 14 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया की पुत्री प्रियंका पटेरिया पर एक युवक के साथ सरेराह मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजेश शर्मा, निवासी ग्राम जमुनिया, ने बताया कि यह घटना सोमवार 13 अप्रैल की है। वह जनपद देवरी अध्यक्ष प्रतिनिधि विनीत पटेरिया के सहयोगी बताए जाते हैं। आरोप है कि जब वे गौरझामर क्षेत्र स्थित एक बैंक में मौजूद थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि विधायक की पुत्री प्रियंका पटेरिया बाहर खड़ी गाड़ी में उन्हें बुला रही हैं।
राजेश का आरोप है कि जैसे ही वह वाहन के पास पहुंचे, प्रियंका पटेरिया ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जूता निकालकर उन पर हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, पूछने पर उन्हें यह कहा गया कि वे उनके पिता के खिलाफ काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों से जुड़े होने के कारण पुलिस कार्रवाई में देरी हो रही है।
इस विवाद के पीछे राजनीतिक और पारिवारिक तनाव की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि विनीत पटेरिया, जिनसे पीड़ित जुड़ा हुआ है, विधायक बृजबिहारी पटेरिया के भतीजे हैं और दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है।
वहीं दूसरी ओर, प्रियंका पटेरिया ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राजेश शर्मा कई दिनों से उनकी गाड़ी का पीछा कर रहा था। उनका दावा है कि उन्होंने कई बार वाहन को टकराने और दुर्घटना की कोशिश की, जिससे वे बाल-बाल बचीं। इस मामले में उन्होंने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद गौरझामर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी पक्ष पर एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।






.jpg)
.jpg)




.jpg)
