फर्रुखाबाद, 13 अप्रैल।
जनपद में एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां थाना कादरी गेट क्षेत्र के आवास विकास इलाके में सोमवार को कूड़े के ढेर में नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, कूड़ा उठाने पहुंचे एक सफाई कर्मचारी को कचरे के बीच एक संदिग्ध डिब्बा दिखाई दिया। शक होने पर जब उसने डिब्बा खोला तो उसमें नवजात शिशु का शव मिला, जिसे देखकर वह स्तब्ध रह गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना कादरी गेट प्रभारी कपिल चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। कुछ समय बाद स्वास्थ्य विभाग के एसीएमओ रंजन गौतम भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नवजात शिशु के शव को डिब्बे में रखकर यहां फेंका गया है। पुलिस ने आसपास के अस्पतालों और क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषी की पहचान होने पर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।



.jpg)
.jpg)




.jpg)


