लखनऊ, 13 अप्रैल।
बहुजन समाज के मसीहा भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर लखनऊ सहित पूरे देश में उनके अनुयायियों द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने डॉ. अम्बेडकर को उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें शत्-शत् नमन किया। उन्होंने देशभर में बसपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा मिशनरी भावना के साथ उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए सभी का आभार भी व्यक्त किया।
मायावती ने एक्स पर साझा संदेश में कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, वंचितों, शोषितों, महिलाओं तथा जातीय भेदभाव से प्रभावित वर्गों के अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष में समर्पित किया। उनके प्रयासों का परिणाम संविधान के रूप में देश को मिला, जिसने सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उन्होंने आगे कहा कि यदि संविधान के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से लागू किया गया होता तो देश आज अधिक आत्मनिर्भर और विकसित होता तथा बहुजन समाज को गरीबी, बेरोजगारी और भेदभाव से पूर्ण मुक्ति मिल चुकी होती।
मायावती ने यह भी उल्लेख किया कि वर्तमान में सामाजिक और आर्थिक न्याय की दिशा में जो लक्ष्य निर्धारित हैं, उन्हें प्राप्त करने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक सशक्तिकरण के विचारों को आगे बढ़ाते हुए यह आंदोलन भविष्य में और मजबूत होगा। उन्होंने जय भीम और जय भारत के संदेश के साथ अपनी बात समाप्त की।




.jpg)
.jpg)



.jpg)


