नवादा, 14 अप्रैल।
जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरकोली पंचायत के गढ़दिबौर गांव में मंगलवार को जंगली हाथियों के झुंड ने भारी उत्पात मचाया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हाथियों ने नवसृजित प्राथमिक विद्यालय गढ़दिबौर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और मध्याह्न भोजन के लिए रखे चावल एवं दाल को बिखेर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथियों ने स्कूल भवन की खिड़कियां और दरवाजे क्षतिग्रस्त कर दिए तथा कक्षाओं में रखी कॉपियां और किताबें इधर-उधर फैला दीं। इसके साथ ही गांव के कई घरों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। उत्पात के बाद हाथियों का झुंड वापस जंगल की ओर लौट गया।
लगातार हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले हरदिया पंचायत के सूअरलेटी गांव में हाथी के हमले में एक व्यक्ति और दो मवेशियों की मौत भी हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में दहशत और बढ़ गई है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। विभागीय टीम उन्हें आबादी क्षेत्र से दूर भगाने के प्रयास में जुटी हुई है।


.jpg)

.jpg)
.jpg)




.jpg)


