नई दिल्ली, 14 अप्रैल।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी सरकारों ने हमेशा बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान किया और उन्हें वह विशेष सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। यह बात उन्होंने डॉ. आंबेडकर जयंती के अवसर पर पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद छह दशकों तक एक विशेष परिवार के अलावा किसी और को सम्मान देने की मानसिकता नहीं रही, जिसके कारण संविधान निर्माता को लंबे समय तक उचित मान्यता नहीं मिल सकी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पंडित नेहरू ने वर्ष 1952 और 1954 के चुनावों में बाबासाहेब को हराने और अपमानित करने का प्रयास किया तथा मतदाता सूची में हेरफेर कर उन्हें रोकने की कोशिश की गई।
नितिन नवीन ने आगे कहा कि उस दौर में नेहरू-गांधी परिवार ने स्वयं को भारत रत्न से सम्मानित किया, लेकिन बाबासाहेब को इस सम्मान से वंचित रखा गया। उन्होंने कहा कि बाद में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार ने डॉ. आंबेडकर को भारत रत्न प्रदान किया, जिससे उन्हें उचित सम्मान मिला।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल इस विचारधारा को आगे बढ़ाया बल्कि ‘पंचतीर्थ’ की स्थापना कर बाबासाहेब के जीवन और कार्यों को वैश्विक पहचान दिलाई। वर्तमान सरकार ने उनके जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को राष्ट्रीय गौरव का केंद्र बनाकर देशवासियों को गर्व का अवसर दिया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन समाज सुधार, शिक्षा और सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समर्पित रहा। उन्होंने संविधान के माध्यम से महिलाओं को अधिकार दिए और अंतिम व्यक्ति की आवाज को मजबूती दी। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी उन्हीं आदर्शों और दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने अंत में कहा कि बाबासाहेब के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और उन्होंने समाज के हर वर्ग को आवाज देने का जो कार्य किया, वह आज भी लोगों को प्रेरित करता है।




.jpg)




.jpg)


