देहरादून, 14 अप्रैल।
देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रोड शो के दौरान भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर पुष्प वर्षा की और ‘मोदी-मोदी’ तथा ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
रोड शो के दौरान लोगों ने उत्साह के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया और वे भी लगातार हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार करते रहे। शिवालिक पर्वत श्रृंखलाओं की खूबसूरत पृष्ठभूमि के बीच कार्यक्रम का माहौल बेहद उत्सवपूर्ण दिखाई दिया।

कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री प्रसिद्ध डाट काली मंदिर पहुंचे, जहां बालिकाओं ने महिषासुरमर्दिनी स्तोत्र सहित कई स्तुतियों का मधुर गायन किया। प्रधानमंत्री ने शांत भाव से स्तोत्र की ऋचाओं को सुना और मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा देश की प्रगति, सुख और समृद्धि की कामना की।
यह दिन उत्तराखंड के लिए विशेष माना गया, क्योंकि बैसाखी के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा देहरादून-दिल्ली आर्थिक गलियारे के रूप में एक महत्वपूर्ण सौगात दी जा रही है। रोड शो के दौरान जैसे ही प्रधानमंत्री पहुंचे, लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए नारे लगाए और उन पर फूल बरसाए।

रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री ने एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे का भी अवलोकन किया, जहां विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक झांकियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध परंपराओं, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की गई। बड़ी संख्या में लोग, स्कूली छात्र-छात्राएं और बच्चे कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे और पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। कलाकारों ने लोकनृत्य सहित कई प्रस्तुतियां देकर वातावरण को और आकर्षक बना दिया।

प्रधानमंत्री ने इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर बनाए गए वन्यजीव गलियारे का निरीक्षण किया और उसकी विशेषताओं को समझा। इसके बाद वे गढ़ीकैंट स्थित जसवंत सिंह मैदान के लिए रवाना हो गए।




.jpg)




.jpg)


