इंदौर, 13 अप्रैल।
संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को इंदौर जिले के डॉ. अंबेडकर नगर महू में स्थित उनकी जन्मस्थली पर बने भव्य स्मारक पर पूर्ण श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर विशाल समागम आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं का आगमन प्रारंभ हो चुका है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी जयंती उत्सव को अत्यंत उत्साह, आस्था और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। राज्य शासन द्वारा आने वाले श्रद्धालुओं की मेहमानों की तरह आवभगत की जा रही है तथा उनके लिए आवास, भोजन एवं शीतल पेयजल जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जन्मस्थली स्मारक को विशेष रूप से सजाया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं और आगमन का सिलसिला 12 अप्रैल की शाम से ही प्रारंभ हो गया है। श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था स्वर्ग मंदिर परिसर में की गई है, जो 14 अप्रैल की शाम तक जारी रहेगी। भिक्षुओं के लिए भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था माहेश्वरी स्कूल में सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा अस्थाई शौचालयों और पेयजल के लिए विभिन्न स्थानों पर प्याऊ स्थापित किए गए हैं।
श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए धर्मशालाओं के साथ-साथ केंट बोर्ड हायर सेकेंडरी स्कूल और केंट बोर्ड कन्या स्कूल में व्यवस्था की गई है। इसके अलावा तीन विशाल डोम भी तैयार किए गए हैं। पूरे आयोजन क्षेत्र को सात सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिनमें महेश्वरी स्कूल महू, जन्मस्थली स्मारक, केंट प्रायमरी स्कूल, स्वर्ग मंदिर परिसर, रेलवे स्टेशन से सात रास्ता, केंट बोर्ड कन्या विद्यालय और उत्कृष्ट विद्यालय महू शामिल हैं।
इन सभी सेक्टरों में विभागीय दलों की तैनाती की गई है और मराठी भाषी शिक्षकों की भी ड्यूटी लगाई गई है ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन व्यवस्था के लिए तीन कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जो तहसील परिसर महू, जन्मस्थली स्मारक और स्वर्ग मंदिर परिसर में कार्यरत रहेंगे।
समारोह के दौरान छह स्थानों पर आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था की गई है तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है। साफ-सफाई के लिए नगर निगम और स्थानीय निकायों की टीम लगाई गई है और अग्निशमन व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने महू पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं ऐसी रहें कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।







.jpg)



