खंडवा, 13 अप्रैल।
खंडवा रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में रविवार रात एलपीजी गैस से लदी एक मालगाड़ी के वैगन से रिसाव होने की घटना से हड़कंप मच गया। हालांकि रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार भारत पेट्रोलियम की यह मालगाड़ी महाराष्ट्र के पनवेल से मध्य प्रदेश के जबलपुर (भिटौनी) की ओर जा रही थी, जिसमें कुल 32 वैगन शामिल थे। रात लगभग 9:30 बजे ट्रेन आउटर पर खड़ी थी, इसी दौरान स्टाफ बदलने के समय गैस की तेज गंध महसूस की गई। जांच करने पर एक वैगन से एलपीजी गैस के रिसाव की पुष्टि हुई।
ड्यूटी पर मौजूद रेलवे कर्मचारी ने पहले गैस की आवाज और फिर तेज गंध महसूस की, जिसके बाद पास जाकर निरीक्षण करने पर एक वैगन से गैस तेजी से निकलती पाई गई। तुरंत इसकी सूचना स्टेशन प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद पूरे सिस्टम को अलर्ट कर दिया गया। रेलवे अधिकारी, स्टेशन प्रबंधक, आरपीएफ और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। जिला प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेरकर आम आवाजाही रोक दी गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे और आपदा प्रबंधन टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद रिसाव वाले वैगन को बाकी 31 वैगनों से अलग कर सुरक्षित रूप से आइसोलेट किया गया। एहतियात के तौर पर प्रभावित वैगन को गीली बोरियों और रेत से ढक दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर से तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया। इसके बाद शेष वैगनों वाली ट्रेन को आगे रवाना किया गया और रात 12:30 बजे के बाद रेल यातायात बहाल कर दिया गया।
इस घटना के चलते करीब तीन घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा, जिससे राजधानी और मंगला एक्सप्रेस सहित लगभग छह ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। कई ट्रेनों को आउटर और आसपास के स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
मौके पर पहुंचे कलेक्टर ने बताया कि एक वैगन में एलपीजी रिसाव पाया गया था, जिसे तुरंत अलग कर सुरक्षित किया गया। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।


.jpg)

.jpg)
_(1).jpg)

.jpg)





