हरिद्वार, 13 अप्रैल।
दिल्ली से हरिद्वार आ रहे श्रद्धालुओं की एक कार प्रेमनगर आश्रम फ्लाईओवर पर सोमवार को भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में वाहन में सवार सात लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सीपीयू और यातायात पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर राजकीय मेला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर भेज दिया गया।
घटना के दौरान कुछ आम नागरिकों ने भी सराहनीय भूमिका निभाई। दिल्ली निवासी लोडर चालक सचिन ने मौके पर रुककर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की, वहीं टेंपो ट्रैवलर चालक संजय ने भी सहायता कर मानवता का परिचय दिया।
अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों में नीलम (39), जयप्रकाश (55), किशोर (47), विनोद कुमार (40), सर्वेश (55), सत्य प्रकाश (60) और राजबहादुर (58) शामिल हैं। सभी घायल दिल्ली के तुगलकाबाद क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया गया कि सभी यात्री हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने जा रहे थे।
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक संदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीपीयू के प्रवेश खत्री, एसआई रमेश कुमार, राजेंद्र भंडारी, चंद्रदीप और शेर सिंह सहित पुलिसकर्मियों ने तेजी से राहत कार्य संचालित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल जारी है।


.jpg)

.jpg)




.jpg)
_(1).jpg)

.jpg)