नई दिल्ली, 13 अप्रैल।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में घरेलू एलपीजी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और किसी भी वितरक केंद्र पर गैस की कमी की स्थिति नहीं है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने अंतर-मंत्रालयी बैठक में बताया कि पूरे देश में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है और किसी भी स्तर पर डिस्ट्रीब्यूटर पर ‘ड्राई आउट’ की समस्या दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि डिलीवरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ओटीपी आधारित घरेलू एलपीजी वितरण प्रणाली लागू की गई है, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या डायवर्जन को रोका जा सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति को पुनः 70 प्रतिशत तक बहाल कर दिया गया है। पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित न हो, इसके लिए सरकार लगातार निगरानी और आवश्यक कदम उठा रही है। 14 मार्च के बाद से अब तक 1.82 लाख टन से अधिक वाणिज्यिक एलपीजी की बिक्री दर्ज की गई है।
बैठक में भारी उद्योग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. हनीफ कुरैशी ने बताया कि प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक ड्राइव रेवोल्यूशन इन इनोवेटिव व्हीकल एन्हांसमेंट (PM E-DRIVE) योजना के तहत इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर पर दी जाने वाली सब्सिडी को मार्च 2028 तक दो वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है।
वहीं बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने कहा कि फारस की खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय समुद्री कर्मचारी सुरक्षित हैं और भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पिछले 24 घंटों में नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि 20,400 मीट्रिक टन एलपीजी और 24 नाविकों को लेकर भारतीय जहाज ‘जग विक्रम’ कल कांडला बंदरगाह पहुंचने की संभावना है।


.jpg)





.jpg)
_(1).jpg)

.jpg)