गुजरात, 13 अप्रैल।
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं इस दर्दनाक घटना पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
यह हादसा सुरेंद्रनगर में लखतर–विरमगाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
लखतर पुलिस थाने के अनुसार रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे श्रद्धालुओं का एक समूह राजकोट से बहुचराजी माता मंदिर के दर्शन के लिए पैदल यात्रा पर निकला था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक का चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन श्रद्धालुओं से जा टकराया, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
इस दुर्घटना में कुल सात लोगों की मौत हुई, जिनमें छह श्रद्धालु और सड़क किनारे खड़े एक डंपर चालक शामिल हैं। मृतकों में पांच पुरुष और दो महिलाएं बताई गई हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इस हादसे पर शोक प्रकट करते हुए इसे बेहद दर्दनाक बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।



.jpg)




.jpg)
_(1).jpg)
.jpg)