भोपाल, 13 अप्रैल।
प्रदेश में आंधी और वर्षा का दौर समाप्त होने के बाद मौसम का रुख पूरी तरह बदल गया है और तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार को मध्य प्रदेश के पांच शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जिनमें रतलाम सबसे गर्म रहा और यहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी का असर और अधिक तीव्र हो सकता है। 16 अप्रैल से राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना जताई गई है। विशेषकर मालवा-निमाड़ क्षेत्र, जिसमें इंदौर और उज्जैन संभाग शामिल हैं, में अधिक गर्मी पड़ने का अनुमान है।
अन्य शहरों की बात करें तो खजुराहो में 40.4 डिग्री, धार, मंडला और नर्मदापुरम में 40.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। दमोह, रीवा और टीकमगढ़ में 39.5 डिग्री, जबकि खरगोन में 39.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रायसेन, छिंदवाड़ा, उमरिया, सतना और मलाजखंड में तापमान 39 डिग्री के आसपास रहा। बैतूल और सागर में 38.8 डिग्री, गुना और शाजापुर में 38.4 डिग्री, नौगांव में 38.2 डिग्री, खंडवा में 38.1 डिग्री तथा सिवनी और सीधी में 38 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में इंदौर सबसे अधिक गर्म रहा, जहां तापमान 39.2 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 38.6 डिग्री, उज्जैन में 38.5 डिग्री, जबलपुर में 38.7 डिग्री तथा ग्वालियर में 36.1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने बताया कि 15 अप्रैल से एक नया मौसम तंत्र सक्रिय होने की संभावना है, हालांकि इसका प्रभाव सीमित रहेगा। इसके बावजूद राज्य में गर्मी का दबाव बना रहेगा और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 16 अप्रैल से धार, खरगोन, खंडवा, सीधी और सिंगरौली सहित कई जिलों में लू की स्थिति बनने की आशंका है।


.jpg)

.jpg)
_(1).jpg)

.jpg)





