अनंतनाग, 11 अप्रैल
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पुलिस ने शनिवार को अलग-अलग अभियानों के दौरान छह नशीले पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए।
शांगुस क्षेत्र में पट्टी शेखपोरा निवासी गुलाम रसूल शेख के पुत्र रियाज़ अहमद शेख के घर पर छापेमारी की गई, जहां रियाज़ अहमद शेख और दौदपोरा ब्राह निवासी मोहम्मद लतीफ़ के पुत्र आदिल लतीफ़ को गिरफ्तार किया गया। यहां से लगभग 5.75 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ और एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद संगम चौक पर कार्रवाई करते हुए नटीपोरा संगम निवासी गुलाम मोहम्मद लोन के पुत्र साकिब अहमद लोन को 140 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया, जिस पर संबंधित पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई।
इसी तरह बुमजू केपी रोड पर नाकाबंदी के दौरान न्यू कॉलोनी मट्टन निवासी अली मोहम्मद मोची के पुत्र रियाज अहमद मोची को लगभग 5.24 किलोग्राम चरस पाउडर के साथ गिरफ्तार किया गया और मामला दर्ज किया गया।
इसके अलावा त्तरासू क्षेत्र में चीरपोरा निवासी गुलाम हसन के पुत्र एजाज अहमद लोन के घर पर तलाशी अभियान के दौरान 2.225 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया और कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
एक अन्य विशेष अभियान में मंजीगम निवासी खजीर मोहम्मद शेख के पुत्र गुलाम मोहिदीन शेख के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। न्यायालय से वारंट प्राप्त कर पुलिस ने कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उसके टिन शेड की तलाशी ली, जिसमें लगभग 17.27 किलोग्राम चरस जैसा पदार्थ और 23 ग्राम चरस बरामद हुआ।
पुलिस ने कहा है कि सभी मामलों में जांच जारी है और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। साथ ही जनता से सहयोग और सूचना साझा करने की अपील भी की गई है।










.jpg)
.jpg)
